बकाया विद्युत बिल न चुकाने पर शहपुरा में 200 केवीए ट्रांसफार्मर हटाया गया

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडोरी जिले के शहपुरा वितरण केंद्र अंतर्गत बकाया विद्युत बिलों की वसूली को लेकर गुरुवार को कड़ी कार्रवाई की गई। विद्युत अधिकारी श्री आर.सी. साहू के निर्देशन में विद्युत विभाग की टीम ने स्टोन क्रेशर शहपुरा में स्थापित 200 केवीए ट्रांसफार्मर हटाने की कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपभोक्ता श्रीमती रेखा गोस्वामी, पति श्री उदयगिरी गोस्वामी, स्टोन क्रेशर शहपुरा (सर्विस क्रमांक 1152027387) पर लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये का विद्युत बिल बकाया था। पूर्व में उपभोक्ता को मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी समाधान योजना के अंतर्गत छूट का लाभ लेने तथा निर्धारित समयावधि में बकाया राशि जमा करने के लिए समझाइश दी गई थी, बावजूद इसके भुगतान नहीं किया गया।
बकाया राशि जमा न होने पर आज विभागीय टीम ट्रांसफार्मर हटाने के लिए उपभोक्ता परिसर पहुंची। इस दौरान उपभोक्ता द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, जिससे कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा के प्रशासनिक सहयोग से पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई, जिसके बाद ट्रांसफार्मर हटाने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई।
प्रशासन एवं विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशानुसार बकाया विद्युत बिलों की वसूली हेतु नियमों के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।