लिफ्ट के बहाने बुजुर्गों से चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो व नकदी सहित 12.47 लाख का मशरूका जब्त

सीधी | 05 फरवरी 2026
कोतवाली पुलिस ने राहगीरों को मदद के बहाने वाहन में बैठाकर उनसे चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बोलेरो वाहन, नकदी और मोबाइल सहित लगभग 12.47 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मदद के बहाने की गई थी चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता लालबहादुर सिंह बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर लौट रहे थे। इसी दौरान बोलेरो सवार आरोपियों ने उन्हें बस स्टैंड छोड़ने का झांसा देकर वाहन में बैठाया। रास्ते में “दरवाजा ठीक से बंद नहीं है” का बहाना बनाकर ध्यान भटकाया और बैग से रुपये चोरी कर लिए। बाद में पीड़ित को रास्ते में उतारकर आरोपी फरार हो गए।
आदतन अपराधी निकले आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट व झपटमारी के कई मामले दर्ज हैं। यह गिरोह विशेष रूप से बैंक से निकलने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाता था।
गिरफ्तार आरोपी
देवेन्द्र उर्फ लाला यादव (26), निवासी बाणगंगा, रीवा
सुधीश यादव (21), निवासी बाणगंगा, रीवा
दुर्गेश शर्मा (32), निवासी रामगढ़, जिला मैहर
बरामद सामग्री
₹33,000 नकद
₹14,000 का मोबाइल फोन
सफेद बोलेरो वाहन (कीमत लगभग ₹12 लाख)
कुल मशरूका लगभग ₹12.47 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, राजमणि अहिरवार, विनोद त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस की अपील
सीधी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वरिष्ठ नागरिकों को बैंक कार्य के लिए अकेले न भेजें। किसी भी अनजान व्यक्ति के वाहन में लिफ्ट न लें और संदेह होने पर तुरंत 112 या नजदीकी थाना से संपर्क करें।