डिंडोरी में स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी: बुंदेला उपस्वास्थ्य केंद्र दोपहर तक बंद, आदिवासी मरीज 5 किमी भटकने को मजबूर

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडोरी।
एक ओर सरकार आदिवासी अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर डिंडोरी जिले की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। करंजिया विकासखंड अंतर्गत बुंदेला उपस्वास्थ्य केंद्र मंगलवार को दोपहर साढ़े 11 बजे तक बंद मिला। न ताला खुला था और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद—पूरी व्यवस्था पूरी तरह ठप दिखाई दी।
सबसे गंभीर बात यह है कि कार्य समय में उपस्वास्थ्य केंद्र बंद रहने की जानकारी के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। जानकारी के अनुसार, केंद्र के सीएचओ छुट्टी पर हैं, जबकि एएनएम क्षेत्र भ्रमण के नाम पर अनुपस्थित बताई जा रही हैं। इसका सीधा असर आदिवासी बहुल क्षेत्र के मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें इलाज के लिए 4 से 5 किलोमीटर दूर रूसा गांव तक जाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी पियारी बाई ने नाराजगी जताते हुए कहा,
“यहां कई दिनों से कोई नहीं आता। केंद्र खुलता ही नहीं। मजबूरी में इलाज के लिए रूसा जाना पड़ता है।”
ग्रामीणों का कहना है कि उपस्वास्थ्य केंद्र अक्सर बंद रहता है, जिससे गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों के टीकाकरण और सामान्य बीमारियों के इलाज जैसी जरूरी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। सवाल यह है कि जब उपस्वास्थ्य केंद्र ही बंद रहेंगे, तो आदिवासी अंचलों के लिए चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं का क्या औचित्य रह जाता है?
यह मामला केवल स्वास्थ्य अमले की लापरवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक प्रशासनिक निगरानी की विफलता को भी उजागर करता है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, जिससे लापरवाह कर्मचारियों को खुला संरक्षण मिल रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबा दिया जाएगा? ग्रामीणों की मांग है कि उपस्वास्थ्य केंद्र में नियमित, जवाबदेह और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं तत्काल बहाल की जाएं, ताकि आदिवासी परिवारों को इलाज के लिए दर-दर भटकना न पड़े।