नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी में हुआ भव्य पूर्व छात्र सम्मेलन

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
पांढुर्णा/छिंदवाड़ा: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी में रविवार को वार्षिक पूर्व छात्र सम्मेलन का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। वर्षों बाद अपने विद्यालय और शिक्षकों से मिलकर पूर्व छात्र भावुक नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत तिलक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत के साथ हुई। प्राचार्य डॉ. सी.एस. पानकर एवं विद्यालय परिवार ने सभी पूर्व छात्रों का अभिनंदन किया।
बड़े भाई-बहनों के आगमन पर वर्तमान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिसके बाद नवोदय गीत का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य डॉ. पानकर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेल एवं अन्य गतिविधियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व छात्र राम ठाकरे, महेंद्र गुर्वे और जगदीश विधायक विश्वकर्मा ने अपने अनुभव साझा किए और वर्तमान विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण व अनुशासन का संदेश दिया।
पूर्व छात्रों ने विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम में योग, नृत्य, गीत-संगीत सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसके बाद पूर्व छात्रों ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ खेल गतिविधियों का आनंद लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सी.एस. पानकर सहित एकता खान, सत्यवान दहिवले, रामबाबू कुशवाहा व समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। मंच संचालन अजय साहू द्वारा किया गया।