सरकार ने पेश किया सपनों के भारत को पंख लगाने वाला बजट – रोहित

रमानायक तिवारी
सीधी
नई दिल्ली।केंद्र सरकार ने देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ₹53.47 लाख करोड़ का केंद्रीय बजट पेश किया है। यह बजट स्वास्थ्य, उद्योग, ऊर्जा, निर्यात और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
कैंसर व दुर्लभ बीमारियों की दवाइयों पर बड़ी राहत
बजट में कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाली 17 लाइफ सेविंग दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा 7 दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए विदेश से आयात की जाने वाली दवाओं और विशेष फूड पर भी टैक्स नहीं लगेगा। इससे महंगे इलाज पर निर्भर परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
माइक्रोवेव ओवन सस्ते होंगे, घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा
घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में अहम बदलाव किए गए हैं। माइक्रोवेव ओवन के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख पुर्जों पर कस्टम ड्यूटी घटा दी गई है, जिससे आने वाले समय में माइक्रोवेव ओवन की कीमतों में कमी आने की संभावना है।
बैटरी और सोलर पैनल निर्माण होगा सस्ता
ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए लिथियम-आयन बैटरी बनाने वाली मशीनों पर टैक्स छूट का दायरा बढ़ाया गया है। बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को ड्यूटी फ्री किया गया है। वहीं, सोलर ग्लास निर्माण में उपयोग होने वाले ‘सोडियम एंटीमोनेट’ पर भी कस्टम ड्यूटी हटा दी गई है, जिससे देश में सोलर पैनल उत्पादन सस्ता होगा।
जूते, कपड़े और सी-फूड सस्ते होने की उम्मीद
निर्यात बढ़ाने के उद्देश्य से समुद्री उत्पाद, लेदर और टेक्सटाइल सेक्टर को राहत दी गई है। सी-फूड एक्सपोर्ट के लिए ड्यूटी फ्री इनपुट की सीमा 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 3 प्रतिशत कर दी गई है। लेदर, सिंथेटिक जूतों और शू अपर्स के निर्यात पर भी टैक्स छूट मिलेगी। इससे उत्पादन लागत घटेगी और उपभोक्ताओं को सस्ते उत्पाद मिल सकते हैं।
विदेश यात्रा होगी सस्ती
सरकार ने विदेश यात्रा के टूर पैकेज पर लगने वाले टैक्स (TCS) को घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया है। पहले 10 लाख रुपये तक 5 प्रतिशत और उससे अधिक पर 20 प्रतिशत टैक्स लगता था, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। इससे विदेश घूमना आम लोगों के लिए सस्ता होगा।
भाजपा नेता रोहित मिश्रा ने बजट की सराहना की
भाजपा नेता एवं एडवोकेट रोहित मिश्रा ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा, “सरकार का लक्ष्य भारत को कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रीन एनर्जी का वैश्विक हब बनाना है। यह बजट उसी दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।”
कुल मिलाकर, यह बजट देश के सर्वांगीण विकास को गति देने वाला और सपनों के भारत को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।