सौंसर – स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कलेक्टर ने कसी कमर; एएनसी पंजीयन बढ़ाने के निर्देश

वनांचल समाचार: पांढुरना जिला विशेष
संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
दिनांक: 30 जनवरी 2026
पांढुर्णा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने सौसर में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक ली। स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और 24 फरवरी तक इसे 75% तक लाने का लक्ष्य दिया।
बैठक में कलेक्टर ने सिकल सेल जांच, एनीमिया प्रबंधन और एनआरसी में कुपोषित बच्चों की भर्ती को लेकर सख्त निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की साप्ताहिक समीक्षा एसडीएम द्वारा की जाएगी। साथ ही, कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई।
नशे के खिलाफ सख्त एक्शन: स्कूलों में नियुक्त होंगे नोडल शिक्षक
पांढुर्णा। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर स्कूल में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी बनाया जाए जो बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा।
आबकारी और पुलिस विभाग को अवैध शराब और नशीली दवाओं की बिक्री पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, मेडिकल-लीगल मामलों की रिपोर्ट को MedLEaPR प्लेटफॉर्म पर शत-प्रतिशत ऑनलाइन करने को कहा गया है ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे।
सीईओ ने स्कूलों में चखा मध्याह्न भोजन, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पांढुर्णा। जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा ने ग्राम घड़ेलामाल और देवी के सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं की सफाई देखी और बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन नियमित रूप से मिलना चाहिए।
सौसर में 56 दिव्यांग बच्चों को मिले सहायक उपकरण, खिले चेहरे
पांढुर्णा। जनपद शिक्षा केन्द्र सौसर में आयोजित शिविर में दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपकरण बांटे गए। पूर्व मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ की उपस्थिति में 56 बच्चों को ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, कान की मशीन और कैलिपर्स जैसे जरूरी साधन दिए गए। एलिम्को जबलपुर की टीम ने पालकों को इन उपकरणों के रख-रखाव की जानकारी भी दी।