बी० डी० कॉलेज में संवाद और प्रश्नोत्तर के माध्यम से युवाओं ने रखा “एक भारत–श्रेष्ठ भारत एवं विकसित भारत @ 2047” पर अपना दृष्टिकोण

0 321

 

बी०डी० कॉलेज, पटना के प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विभाग द्वारा साप्ताहिक शैक्षणिक कार्यक्रम “गुरु गौरव” के अंतर्गत “एक भारत–श्रेष्ठ भारत एवं विकसित भारत @ 2047” विषय पर युवा संवाद एवं प्रश्नोत्तर कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. रत्ना अमृत जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में विभागाध्यक्ष श्रीमती नीतू तिवारी द्वारा विषय प्रवेश प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने भारतीय सभ्यता की ऐतिहासिक एकता, सांस्कृतिक विविधता तथा विकसित भारत की संकल्पना में युवाओं की निर्णायक भूमिका पर प्रेरणादायी प्रकाश डाला। उन्होंने इतिहास को राष्ट्र-निर्माण की प्रेरक शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों से आत्मबोध, उत्तरदायित्व और सक्रिय नागरिकता के भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिससे यह आयोजन संवादात्मक एवं बहुआयामी स्वरूप में विकसित हुआ। युवा संवाद प्रतियोगिता में देव्यानी कुमारी (श्री अरविंद महिला कॉलेज) ने प्रथम स्थान, भोला कुमार (ए. एन. कॉलेज) ने द्वितीय स्थान तथा ज्योति कुमारी (बी. डी. कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित युवा संवाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी देव्यानी कुमारी (श्री अरविंद महिला कॉलेज) ने प्रथम स्थान, अमन कुमार (बी. डी. कॉलेज) ने द्वितीय स्थान तथा भोला कुमार (ए. एन. कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी बौद्धिक प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. स्वर्णा कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए इस प्रकार की अकादमिक गतिविधियों को युवाओं के बौद्धिक विकास, ऐतिहासिक चेतना तथा विकसित भारत @ 2047 की संकल्पना को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। समग्र रूप से यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना एवं उत्तरदायी नागरिकता के विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं सार्थक शैक्षणिक प्रयास सिद्ध हुआ।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment