मेरी शाला–बेस्ट शाला” अभियान पर जोर, 100% परीक्षा परिणाम का लक्ष्य तय

समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्य योजना 2026-27 को लेकर जिला स्तरीय बैठक संपन्न
प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी / मध्य प्रदेश समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत सेकेंडरी एजुकेशन की वार्षिक कार्य योजना 2026-27 के निर्माण हेतु जिला स्तरीय बैठक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक–2, सीधी में आयोजित की गई। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले के समस्त शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य शामिल हुए।
बैठक में एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्र ने वार्षिक कार्य योजना के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कक्ष निर्माण, प्रयोगशालाएं, बाउंड्रीवाल, शौचालय, पेयजल, विद्युतीकरण, वोकेशनल कोर्स तथा आईसीटी लैब से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी दी।
इस दौरान “मेरी शाला–बेस्ट शाला” अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने की रणनीति, परीक्षा पूर्व तैयारी, परीक्षा पे चर्चा, कैरियर काउंसलिंग, एक्सपोजर विजिट, प्रेरणा उत्सव पंजीयन, भवन निर्माण हेतु डीपीआर, अधोसंरचना मांग पत्र, परीक्षा उपरांत स्पोकेन इंग्लिश कोचिंग, दीक्षा पोर्टल, ई-विद्या तथा स्वच्छता साथी–वॉश ऑन व्हील जैसे विषयों पर मंथन किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएं और उनसे निरंतर संपर्क कर शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि शत-प्रतिशत परिणाम का लक्ष्य हासिल हो सके। वहीं एडीपीसी श्री ओशो उत्सव ने स्वीकृत राशि का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईटी सेल से देवेन्द्र तिवारी सहित जिले के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।