जंगली सुअरों ने किसान के खेत में मचाया तांडव: चने की फसल पूरी तरह बर्बाद

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
पांढुरना | क्षेत्र के ग्राम हिवरासेनाडवार में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात करीब 25 से 30 जंगली सुअरों के एक झुंड ने किसान रविन्द्र पिता किसनराव बदे के खेत में घुसकर जमकर तबाही मचाई। इस हमले में किसान की एक हेक्टेयर में लगी चने की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
जंगल से लगा है खेत
पीड़ित किसान रविन्द्र ने बताया कि उनकी कृषि भूमि (खसरा नं. 247/1, रकबा 1.018 हे.) जंगल की सीमा से सटी हुई है। इसी का फायदा उठाकर जंगली सुअरों ने खेत पर धावा बोल दिया। किसान का कहना है कि उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को फोन के माध्यम से दे दी है।
परिवार के भरण-पोषण का संकट
फसल बर्बाद होने से किसान काफी हताश है। उन्होंने तहसीलदार को आवेदन सौंपकर व्यथा सुनाई कि अब उनके सामने परिवार का पेट पालने का संकट खड़ा हो गया है। किसान ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द पटवारी या संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर फसल के नुकसान का पंचनामा बनवाए और उचित मुआवजा प्रदान करे।