जनता की पुकार: संयुक्त कलेक्टर ने सुनीं 10 शिकायतें

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
पांढुर्णा | 27 जनवरी 2026
राज्य शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए 10 आवेदकों की समस्याओं को विस्तार से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन सीमांकन, पीएम आवास, लाड़ली बहना योजना की राशि, जाति प्रमाण पत्र और सीमांकन जैसे मामले सामने आए।
प्रमुख शिकायतें और मांगें
ग्राम राजना के मुकेश उकार ने व्हीलचेयर की मांग की और विलास सिरसाम ने वनाधिकार पट्टे के लिए आवेदन दिया। राजस्व मामलों में गांधी वार्ड की मीराबाई ने कृषि भूमि के नक्शे में सुधार और संजय खडसे ने खसरा रिकॉर्ड से अहस्तांतरणीय प्रविष्टि हटाने की मांग रखी। अतिक्रमण और मुआवजे के विषय में ग्राम पंचायत भंदारगोंदी के सरपंच ने मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने की शिकायत की। वहीं ग्राम मारुड़ के अरुण देशभ्रतार ने जंगली जानवरों द्वारा फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने और तार फेंसिंग की स्वीकृति का आग्रह किया।
इस अवसर पर तहसीलदार श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे जिन्हें प्राप्त आवेदनों पर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।