मझौली पुलिस की तत्परता से 24 घंटे में शहडोल से लापता नाबालिग किशोरी सकुशल बरामद

सीधी। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/एसडीओपी कुसमी अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में मझौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला शहडोल से लापता एक नाबालिग किशोरी को महज 24 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मझौली में परिजनों ने सूचना दी थी कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोरी माता-पिता द्वारा किसी बात पर डांटने से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला, तब पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मझौली पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। अथक प्रयासों के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि किशोरी पड़ोसी जिला शहडोल के थाना ब्योहारी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
किशोरी को थाना लाकर वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई तथा उचित काउंसलिंग के उपरांत उसे सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने मझौली पुलिस एवं जिला पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक विशाल शर्मा (थाना प्रभारी मझौली), सउनि संतोष साकेत, प्रधान आरक्षक विजय सिंह, राजकुमार तथा आरक्षक संजय पटेल की भूमिका सराहनीय रही।