सिंगरौली चौकी कुंदवार, थाना जियावान अंतर्गत ग्राम परसोहर मेंछूही निकालते समय खदान धंसी, तीन की मौत, दो घायल

शनिवार दोपहर छुई (पोतने वाली मिट्टी) निकालने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से दबकर दो बालिकाओं सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना 25 जनवरी 2026 को लगभग 11:21 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव के समीप छुई निकालने के स्थान पर पांच लोग खुरपी से मिट्टी निकाल रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और सभी उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही चौकी कुंदवार पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों, सरपंच एवं पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर दो महिलाओं को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया, जिन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। वहीं दो बालिकाओं एवं एक महिला की मौत हो गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी मशीन लगाकर रेस्क्यू कार्य कराया गया। थाना जियावान, बरगवां एवं चौकी कुंदवार पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। फिलहाल स्थिति सामान्य है। पुलिस द्वारा शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।
मृतक:
प्रीति सिंह (10), बसंती (16) निवासी हरहवा एवं फूलमती यादव (50) निवासी बंधा।
घायल:
कौशल्या सिंह (50) निवासी परसोहर एवं सकमुनि सिंह (45) निवासी चंद्रेह।