छत्रसाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न

सीधी, 24 जनवरी 2026।
आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से शनिवार को छत्रसाल स्टेडियम, सीधी में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल कार्यक्रम कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
मुख्य समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार परेड, सलामी, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं अन्य सभी गतिविधियों का क्रमबद्ध अभ्यास कराया गया। परेड दलों ने अनुशासित प्रदर्शन किया, वहीं स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने प्रभावशाली अभ्यास प्रस्तुत किया।

रिहर्सल के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शक दीर्घा, मंच संचालन, ध्वनि प्रणाली, साफ-सफाई एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह का आयोजन गरिमा, अनुशासन एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।