“बिजली बिल से किसान टूटा, मनरेगा से मजदूर रूठा—तरका में गरजे कमलेश्वर पटेल”

0 351

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

सिहावल विधानसभा | तरका

सिहावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तरका में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बहरी द्वारा आयोजित “मनरेगा बचाओ संग्राम” कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भाजपा सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा आज मध्य प्रदेश में कागज़ों में ज़िंदा है, ज़मीन पर दम तोड़ चुकी है। करोड़ों श्रमिक पंजीकृत होने के बावजूद न तो समय पर मजदूरी मिल रही है, न 100 दिन का रोजगार। बड़ी संख्या में गरीब परिवार आज भी जॉब कार्ड से वंचित हैं, जो सरकार की नीयत और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है।

 

कमलेश्वर पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार की शोषणकारी नीतियों का सबसे बड़ा शिकार किसान और मजदूर बन रहे हैं। बढ़े हुए बिजली बिल, महीनों से जले ट्रांसफार्मर, प्राकृतिक आपदाओं और आवारा पशुओं के कारण खेती चौपट हो रही है, लेकिन सरकार न राहत दे रही है, न मुआवजा और न ही सुनवाई। नतीजा यह है कि ग्रामीण मजदूर रोज़गार की तलाश में पलायन को मजबूर हैं। यह हालात साफ बताते हैं कि भाजपा सरकार ग्रामीण रोजगार की रीढ़ तोड़ने पर आमादा है।

 

पूर्व मंत्री ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर भी कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से पात्र मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हर मजदूर, किसान और मतदाता के सम्मान व अधिकार की लड़ाई गांव-गांव, घर-घर लड़ती रहेगी और किसी भी साजिश के सामने झुकने वाली नहीं है।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment