गोपद नदी में रेत माफिया पर प्रशासन का बुलडोज़र एक्शन 20 डंपर रेत नष्ट, बिना नंबर के वाहन जब्त

सीधी | 22 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी विकास कुमार आनंद एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में संयुक्त दल ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
ग्राम गुडुआधार, तहसील कुसमी में खनिज रेत के अवैध उत्खनन व भंडारण की शिकायत पर नायब तहसीलदार पोड़ी अमित दुबे, थाना प्रभारी कुसमी अरुणा द्विवेदी एवं प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव के नेतृत्व में निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गोपद नदी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित लगभग 20 डंपर रेत को नदी में वापस डलवाया गया तथा पहुंच मार्ग को गड्ढा खोदकर अवरुद्ध किया गया। भूमि स्वामियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।
इसी तरह अमिलिया बाजार, तहसील सिहावल से बिना नंबर प्लेट वाहन द्वारा अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर वाहन (चेसिस क्रमांक DMB841MHDESC099018) को जब्त कर थाना अमिलिया में सुरक्षित खड़ा कराया गया। वहीं ग्राम कमर्जी, तहसील चुरहट से अवैध परिवहन में संलिप्त बिना नंबर का जॉन डियर ट्रैक्टर (इंजन नंबर CL3029D653509) को जब्त कर थाना कमर्जी में खड़ा कराया गया।
जप्त वाहनों के मालिकों व चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई हेतु कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पत्र भेजा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में सैनिक शिवशंकर सिंह, तेजबहादुर सिंह, अनिल पाठक एवं वाहन चालक रामपाल केवट की भूमिका सराहनीय रही।