जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं 110 समस्याएँ, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

सीधी | 20 जनवरी 2026
जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार जिला पंचायत सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों की कुल 110 समस्याएँ गंभीरता से सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर तत्काल, प्रभावी एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए।
कलेक्टर ने लापरवाही या अनावश्यक देरी बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय करने एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को वास्तविक राहत प्रदान करना है।
साथ ही कलेक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर नियमित निगरानी रखी जा सके।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद सीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े रहे।