छतरपुर पुलिस का नशा मुक्ति अभियान तेज, दुकानों व सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी निगरानी

के.के. गुप्ता, मंडल ब्यूरो चीफ – छतरपुर
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के निर्देश पर जिलेभर में नशा मुक्ति अभियान के तहत सख़्त कार्रवाई जारी है। सभी थाना प्रभारियों को एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम के तहत अवैध मादक पदार्थों व शराब के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में शराब दुकानों के आसपास, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नशा करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा नियमित भ्रमण कर चाय टपरों, दुकानों व संदिग्ध स्थानों की सघन चेकिंग की जा रही है। जांच के दौरान आपत्तिजनक व प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
दुकान संचालकों को समय पर दुकान बंद रखने, अनावश्यक भीड़ न जुटने देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं। सहायता हेतु छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049101021 साझा किया गया है।
साथ ही वाहन चेकिंग के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच की जा रही है। छतरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशामुक्ति अभियान के तहत यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।