समाजसेवी हसमुख भाई शाह ने कराई बीमार नंदी की सर्जरी, पशु सेवा की पेश की मिसाल

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ
पांढुरना। नगर के शांतिनिकेतन क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे एक काले नंदी का शुक्रवार को सफल ऑपरेशन किया गया। यह नंदी पिछले 10-12 वर्षों से वरिष्ठ व्यवसायी और लायंस क्लब के चेयरमैन हसमुख भाई शाह के संरक्षण में था।
हाल ही में नंदी के पैर में ट्यूमर हो जाने के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। मामले की संजीदगी को देखते हुए हसमुख भाई शाह ने चिकित्सकों से संपर्क किया और शुक्रवार, 16 जनवरी को अपने ही बाड़े में नंदी का ऑपरेशन करवाया। इस सर्जरी का संपूर्ण खर्च उन्होंने स्वयं वहन किया है।
उल्लेखनीय है कि हसमुख भाई पिछले लंबे समय से निस्वार्थ भाव से पशु सेवा में जुटे हैं। उनके द्वारा नगर के आवारा पशुओं के लिए चारे-पानी की व्यवस्था भी की जाती है। इससे पूर्व उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त कुत्तों का नागपुर में उपचार कराकर उन्हें नया जीवन दिया, जो अब उनकी फैक्ट्री में स्वस्थ अवस्था में हैं।
इस पुनीत कार्य में डॉ. अनिल सहारे और डॉ. सोनिया परते ने चिकित्सा सेवाएं दीं। मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सुधीर नादेकर, शैलेश भाई शाह, गोपी तेजी, अक्षय दाड़े, राष्ट्रीय हिंदू सेना के भूषण धुड़े और पशु प्रेमी सोमेश्वर लोनकर उपस्थित रहे। समाजसेवियों ने हसमुख भाई के इस कदम को युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक संदेश बताया है।