सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बूथ 251 में बैठकर की एसआईआर अभियान की सघन समीक्षा, मतदाता सूची सुधार पर दिए सख्त निर्देश

सीधी। लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र के नवीन बूथ क्रमांक 251 में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान की गहन समीक्षा की।
सांसद ने बूथ टोली एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर नवीन मतदाता सूची का वाचन कराया, उसमें आवश्यक संशोधन, नाम जोड़ने-घटाने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की तथा सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र की मजबूती की नींव है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज हो और कोई भी योग्य मतदाता छूटने न पाए।
इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे, बूथ अध्यक्ष अधिवक्ता फूलचंद गुप्ता, बूथ महामंत्री अमित बसंतानी, गणमान्य नागरिक उमेश सोनी, अनूप कुमार गुप्ता, विजय अग्रवाल, बीएलओ कल्पना सिंह सहित दर्जनों मतदाता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।