मनरेगा की बदहाली बनाम विकास के शिलान्यास: सीधी में मुख्यमंत्री का दौरा, विपक्ष का तीखा हमला

0 466

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

मध्य प्रदेश में मनरेगा की स्थिति को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्य में पंजीकृत 1 करोड़ 86 लाख से अधिक मनरेगा श्रमिकों में से करीब 1 करोड़ श्रमिक सक्रिय होने के बावजूद काम से वंचित हैं। 6 लाख 44 हजार पंजीकृत परिवारों को आज तक जॉब कार्ड तक नहीं मिला है। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि 100 दिन का रोजगार मात्र एक प्रतिशत श्रमिकों को ही मिल पाया। वर्ष 2023-24 में सिर्फ 23,692, 2024-25 में 79,761 और 2025-26 में अब तक मात्र 30,789 श्रमिकों को ही 100 दिन का काम नसीब हुआ है। पूर्व मंत्री व कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य कमलेश्वर पटेल ने इन आंकड़ों को भाजपा सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि यह ग्रामीण गरीबों की आजीविका पर सीधा हमला है।

 

इधर, इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर सीधी जिले के सिहावल विधानसभा अंतर्गत ग्राम बहरी पहुंचे। दोपहर 2:28 बजे उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए। सभा स्थल पर लगभग 10 हजार लोगों की बैठक व्यवस्था की गई थी, हालांकि 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा की सभा की तुलना में भीड़ अपेक्षाकृत कम नजर आई। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन और अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहरी में 179 विकास कार्यों का शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत लगभग 6801.40 लाख रुपये बताई गई है। इन कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई। एक ओर सरकार विकास कार्यों का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर मनरेगा के आंकड़े ग्रामीण रोजगार की हकीकत उजागर कर रहे हैं, जिसे लेकर राजनीतिक बहस तेज होती दिख रही है।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment