मुख्यमंत्री के बहरी आगमन से पहले पुलिस अलर्ट, एसपी संतोष कोरी ने संभाला मोर्चा
सुरक्षा–यातायात–भीड़ प्रबंधन पर कसा शिकंजा, कार्यक्रम स्थल का किया गहन निरीक्षण

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
बहरी में 09 जनवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रवेश एवं निकास मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी एवं निगरानी प्रणाली सहित सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ प्रबंधन के लिए पृथक एवं प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाएगी, वहीं महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान समय से लागू करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं त्वरित प्रतिक्रिया दल को अलर्ट मोड पर रखने तथा कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम कुसमी विकास आनंद, एसडीएम सिहावल प्रिया पाठक, एसडीओपी गोपद बनास राकेश शुक्ला, एसडीओपी चुरहट शैलेश द्विवेदी, थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)