स्टार्टअप्स को मिल रही आर्थिक सहायता, 11–12 जनवरी को होगा स्टार्टअप समिट

0 238

सीधी | 02 जनवरी 2026
जिले में स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सीधी ने जानकारी देते हुए बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा लागू मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति 2025 के अंतर्गत 24 फरवरी 2025 के बाद स्थापित पात्र स्टार्टअप्स को प्रतिमाह 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता 12 माह तक प्रदान की जा रही है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत पात्र स्टार्टअप्स को बैंक से ऋण प्राप्त करने पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान तथा परियोजना लागत का 15 प्रतिशत, अधिकतम 15 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है। यह योजनाएं नए उद्यमों को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
योजनाओं का लाभ लेने के लिए इच्छुक स्टार्टअप्स जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, सिंगरौली रोड, डेनीहा गुलाब टावर, सीधी में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विकास मिश्रा, सहायक प्रबंधक से मोबाइल नंबर 7509783204 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा 11 एवं 12 जनवरी 2026 को रवींद्र भवन, भोपाल में मध्यप्रदेश स्टार्टअप समिट एवं इकोसिस्टम अवार्ड 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट में स्टार्टअप्स को अपने नवाचार प्रस्तुत करने, निवेशकों से संवाद करने तथा सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उक्त योजनाओं का लाभ लेने एवं स्टार्टअप समिट में सहभागिता हेतु इच्छुक स्टार्टअप्स स्टार्टअप पोर्टल पर आवेदन कर पंजीयन कर सकते हैं। यह पहल प्रदेश में नवाचार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment