सेरेमनी सेलिब्रेशन ट्रस्ट द्वारा सामाजिक सेवा शिविर का सफल आयोजन

कोलकाता (पिंकी तिवारी) । पटुली अग्निशमन केंद्र के सामने आज सेरेमनी सेलिब्रेशन ट्रस्ट द्वारा एक व्यापक सामाजिक सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए कंबल वितरण, निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर तथा होम्योपैथी उपचार की समुचित व्यवस्था की गई।

इस सेवा शिविर के अंतर्गत 150 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही 64 लोगों की निःशुल्क नेत्र जाँच कर उन्हें आवश्यक औषधियाँ एवं नेत्र बूँदें उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त 52 लोगों को होम्योपैथी उपचार प्रदान किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ भी दी गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेरेमनी सेलिब्रेशन ट्रस्ट के माननीय अध्यक्ष श्री अनिंद्य चक्रवर्ती के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। अपने वक्तव्य में उन्होंने ट्रस्ट द्वारा निरंतर किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही ट्रस्ट की ओर से “निजेर बाड़ी” नामक वृद्धाश्रम की स्थापना की जाएगी, जिसका उद्देश्य बेसहारा एवं वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मीय वातावरण प्रदान करना होगा।

स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई। ट्रस्ट ने इस सेवा शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों तथा क्षेत्रवासियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेरेमनी सेलिब्रेशन ट्रस्ट भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।
