अटल जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प, अमिलिया में सुशासन सम्मेलन सम्पन्न

0 294

सिहावल विधानसभा अंतर्गत अमिलिया के जनार्दन पैलेस में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष पर सुशासन दिवस के अवसर पर सुशासन सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक तथा अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की। सम्मेलन की शुरुआत अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई।

विधायक विश्वामित्र पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि “रीति, नीति, परमार्थ और दया—इन सभी गुणों का समन्वय अटल जी के व्यक्तित्व में दिखाई देता है। उन्होंने भारत की पहचान वैश्विक मंच पर स्थापित की और सुशासन की उत्कृष्ट मिसाल पेश की।” उन्होंने अटल जी के छात्र जीवन से लेकर पत्रकारिता, राजनीति और विदेश नीति तक के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी के विचार आज भी देश की नीतियों में मार्गदर्शक हैं।

जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि “अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उनके लिए सुशासन मात्र शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प था।” उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को अटल जी के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

सम्मेलन के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों एवं सुशासन की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाई जाएगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू राम सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रशरण सिंह चौहान, के.के. तिवारी, जिला उपाध्यक्ष अशोक पटेल, श्रीमती उषा गोपाल पटेल, अनिल पांडे, गजराज सिंह, कपूर चंद साहू, पुनीत पांडे, निशांत मिश्रा, पुष्पेंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment