संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय सीधी में स्टार्टअप्स विषय पर कार्यशाला हुई संपन्न

सीधी (राकेश शर्मा)प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी के इन्क्यूवेशन सेंटर में 26 दिसंबर 2025 को स्टार्टअप्स विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्टार्टअप्स एवं उद्यमिता के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था।कार्यशाला की औपचारिक शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह द्वारा की गई। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्टार्टअप्स युवाओं के लिए रोजगार सृजन का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं और शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में मार्गदर्शन देने की है।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में श्री अमित कुमार, मुख्य प्रबंधक यूनियन बैंक सीधी, श्री शैलेन्द्र कुमार चौधरी, निदेशक यूनियन बैंक आरसेटी सीधी एवं डॉ. विनोद कुमार साकेत, नोडल अधिकारी स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस सीधी उपस्थित रहे।कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य के मार्गदर्शन में डॉ. राकेश कुमार प्रजापति, नोडल अधिकारी इन्क्यूवेशन सेंटर एवं डॉ. गुलाम मोइनुद्दीन, सहायक नोडल अधिकारी इन्क्यूवेशन सेंटर द्वारा किया गया। इसमें स्टार्टअप एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में स्टार्टअप से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा देश के कुछ सफल स्टार्टअप्स की सफलता की कहानियाँ विद्यार्थियों के साथ साझा कर उन्हें नवाचार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित किया गया। द्वितीय सत्र में स्वरोजगार के लिए बैंकों द्वारा प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता, ऋण योजनाओं एवं सीधी जिले में स्टार्टअप्स की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रही, जिससे उनमें आत्मनिर्भर बनने और स्वयं का उद्यम स्थापित करने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ।