समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हेतु सीधी में धान उपार्जन केंद्रों का हुआ औचक निरीक्षण

सीधी ( राकेश शर्मा) जिले में धान उपार्जन कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशानुसार उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, उपायुक्त सहकारिता विभाग, मध्यप्रदेश स्टेट वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पाेरेशन तथा सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री प्रियल सिंह ने धनहा एवं अमरवाह उपार्जन केन्द्र क्रमांक-2 माटा का निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार चुरहट द्वारा कमर्जी उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया गया। वहीं जेएसओ श्री आर.एम. शुक्ला ने धनहा एवं पनवार उपार्जन केन्द्र क्रमांक-2 माटा का निरीक्षण किया। सहकारिता निरीक्षक श्री गणेश चन्द्रवासी ने टमसार एवं टिकरी तथा सहकारिता निरीक्षक श्री राजपाल रावत ने टिकरी उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान धान की गुणवत्ता, तौल प्रक्रिया, स्टैकिंग व्यवस्था एवं परिवहन के समुचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों द्वारा संबंधित केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी केन्द्रों पर शासन के निर्देशानुसार नियमित, पारदर्शी एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपार्जन कार्य में अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।