जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

0 448

बरखेड़ा गांव के पास बेलगाम कार ने बाइक सवारों को कुचला, 1 की मौत, 2 गंभीर घायल

 

डिण्डौरी।

जिले के जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे पर बरखेड़ा गांव के पास शनिवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज गति में था और नियंत्रण खो बैठा, जिससे बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एवं 112 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान घायल राजेन्द्र कछवाहा की हालत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात सामान्य कराया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment