आरटीआई में ‘एक बिंदु’ के नियम पर रार: सूचना आयुक्त को हटाने की मांग मंत्रालय पहुंची, आवेदक ने पूछा- ‘कहाँ लिखा है ये नियम?’

0 753

पांढुरना (निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ)

 

भोपाल/पांढुर्णा। पांढुर्णा के आरटीआई कार्यकर्ता तेजस सुरजुसे ने राज्य सूचना आयुक्त ओंकार नाथ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मामला इतना गरमा गया है कि पंचायत राज संचालनालय ने आयुक्त को पद से हटाने (धारा 17) संबंधी फाइल अब सीधे अवर सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (मंत्रालय) को भेज दी है।

विवाद की मुख्य वजह सूचना आयुक्त द्वारा आरटीआई अपीलों में यह तर्क देना बताया जा रहा है कि “एक आवेदन में केवल एक बिंदु की जानकारी ही मांगी जा सकती है।” इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आवेदक तेजस सुरजुसे ने शासन से दो टूक सवाल किया है। उनका कहना है, “आरटीआई कानून में आज तक ऐसा कोई नियम या संशोधन नहीं हुआ है जो आवेदक को बाध्य करे कि वह सिर्फ एक बिंदु पर ही जानकारी मांगे। मैंने सम्पूर्ण बिंदुओं पर जानकारी मांगी थी, जिसे नियम विरुद्ध बताकर खारिज करना सीधे तौर पर आवेदक के हितों का हनन है।”

संचालनालय ने 2 दिसंबर को जारी पत्र में स्पष्ट किया कि आयुक्त पर कार्यवाही का अधिकार शासन का है, इसलिए मामला मंत्रालय भेजा गया है। वहीं, मांगी गई जानकारियों के दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए फाइल अब जिला पंचायत सीईओ, छिंदवाड़ा की टेबल पर पहुंच गई है। आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा सीधे सूचना आयुक्त की कार्यप्रणाली को चुनौती देने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment