यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती: 55 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई, 25 हजार से ज्यादा का जुर्माना

सिंगरौली।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और उनमें होने वाली मौतों की संख्या कम करने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मनीष खत्री (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना यातायात द्वारा 16 दिसंबर 2025 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 55 से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जिसमें 25,000 रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
बॉडी के बाहर माल ढोने वाले वाहनों पर विशेष कार्रवाई
शहर के भीतर पिकअप, ऑटो एवं ट्रैक्टर चालकों द्वारा बॉडी के बाहर सरिया व लोहे के अन्य सामानों का परिवहन किया जा रहा था, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे वाहनों को चिन्हित कर पूरे शहर में सघन अभियान चलाते हुए पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा योजनाओं का किया गया प्रचार-प्रसार
अभियान के दौरान शासन की सड़क सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
राहगीर योजना की जानकारी
सड़क दुर्घटना में गंभीर घायलों को ‘गोल्डन आवर’ में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को शासन द्वारा 25,000 रुपये नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देने की योजना के बारे में जागरूक किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग मानवता के इस कार्य में आगे आएं।
हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर एवं कैशलेस उपचार योजना का प्रचार
हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना एवं कैशलेस उपचार योजना का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। योजना से संबंधित फ्लेक्स बैनर चौराहों, पेट्रोल पंपों, पार्कों एवं शासकीय कार्यालयों में लगाए गए हैं, जिससे आम जनता तक जानकारी पहुंच सके।
यातायात पुलिस की अपील
सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित वाहन चलाएं और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करें।