नशे के विरुद्ध डिंडौरी में जन-जागरण का संकल्प

नशा मुक्ति जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
खमोद चन्देल की रिपोर्ट
डिंडौरी : – जिले में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत 7 दिवसीय नशा मुक्ति जन-जागरूकता रथ का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूदेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री श्याम सिंगौर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया गया।
यह जन-जागरूकता रथ जिले के सभी विकासखंडों, हाट-बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से पंपलेट, बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री के जरिए आमजन को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नशे को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए युवाओं सहित आम नागरिकों से नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान जनसहभागिता से ही सफल हो सकता है और यह जन-जागरूकता रथ जिले में व्यापक चेतना फैलाने का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा। नशा मुक्ति अभियान जिले में सकारात्मक सोच, सुरक्षित भविष्य एवं खुशहाल परिवारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल है।