केंद्रीय विद्यालय संगठन के 63 वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न

जमुना-कोतमा(राकेश शर्मा) अनूपपुर जिले की केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में देश के शिक्षा-पटल पर मानक के रुप मे प्रतिष्ठित सर्वोपरि शैक्षणिक संस्थान केंद्रीय विद्यालय संगठन के 63वें स्थापना दिवस समारोह को बड़े ही गौरव और उत्साह के साथ मनाया गया । भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट शिक्षा हेतु समर्पित इस संगठन की नींव 15 दिसंबर 1963 को पड़ी, जो आज वट वृक्ष के रूप में लगभग 1289 केंद्रीय विद्यालयों की शाखा के साथ राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नित नए शैक्षणिक प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
इसी उत्सव और गौरव का हिस्सा बनते हुए केंद्रीय विद्यालय SECL जमुना कॉलरी में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में ज्योति कुमार सिंह ( सीनियर मैनेजर ,SECL जमुना- कोतमा क्षेत्र ) इसके साथ ही अतिथि के रूप में विद्यालय की पूर्व छात्राएँ डॉ चारु जैन, शासकीय चिकित्सालय निगवानी तथा कु. शिखा त्रिपाठी(NCC कैडेट के रूप में मॉस्को रूस में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली) भी कार्यक्रम में शामिल रहीं । कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य मनोज कुमार द्वारा अतिथियों के हरित स्वागत एवं स्वागत भाषण से हुई ।
प्राचार्य ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के महत्व और गुणवत्ता को रेखांकित करते हुए बताया कि हम सभी के लिए आज का दिवस गौरवान्वित करने वाला है। केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं देश की शैक्षणिक व्यवस्था के प्रतिमान के रूप में विद्यमान हैं । समारोह की अगली कड़ी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देश की विभिन्न संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आज हम जिस मुकाम पर हैं उसमें संगठन का अमूल्य योगदान है। मुख्य अतिथि ज्योति कुमार ने अपने संबोधन में केंद्रीय विद्यालय संगठन की कार्यशैली और उपादेयता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि इस संस्था से शिक्षित छात्र देश के शासन-प्रशासन तथा उच्च प्रतिष्ठानों में अपना योगदान दे रहे हैं जिनमें प्रमुख RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा, राकेश शर्मा, (पहले भारतीय चंद्रमा यात्री), इंफोसिस को-फाउंडर नारायण मूर्ति आदि हैं। अंत मे मुख्य अतिथि द्वारा अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों का योगदान रहा ।