नेवसा रोड पर तूफान चालकों की मनमानी: ओवरलोडिंग व नियमों की धज्जियाँ, पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर उठ रहे सवाल

0 211

खमोद चन्देल की रिपोर्ट

डिंडोरी जिले के नेवसा रोड क्षेत्र में तूफान चालकों द्वारा खुलेआम यातायात नियमों का उल्लंघन किए जाने की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं। यात्री वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारियाँ बैठाना और कई बार यात्रियों को वाहन की छत पर बैठाकर ले जाना आम बात बन चुकी है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिसे देखकर ऐसा लगता है मानो चालक स्वयं और यात्रियों को यमराज के हवाले करने के लिए आमंत्रण दे रहे हों।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा गहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद नेवसा रोड पर तूफान चालक नियमों की परवाह किए बिना मनमानी करते नजर आ रहे हैं। ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और बिना सुरक्षा उपकरणों के यात्रा करवाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होती है, परंतु स्थिति में कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा।

अब सवाल यह उठ रहा है कि लगातार हो रहे इन जोखिम भरे परिवहन पर आखिर पुलिस और परिवहन विभाग क्या कदम उठा रहे हैं? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के इंतज़ार में हैं या जल्द ही स्थिति को सुधारने के लिए कोई सख्त कार्रवाई की जाएगी?

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाकर नेवसा रोड पर हो रही इस लापरवाही पर रोक लगाई जाए, ताकि यात्रियों की जान को खतरे में डालने वाले ऐसे कृत्यों पर पूर्ण विराम लग सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment