“सीधी पुलिस का ऑपरेशन ‘ट्रैप’ सफल—सामूहिक दुष्कर्म का इनामी मुख्य आरोपी और बाल अपचारी दो राज्यों से धराया
"दो राज्यों में पीछा, तकनीकी जाल और पुलिस की मुस्तैदी—सीधी पुलिस ने पकड़े जघन्य अपराध के फरार आरोपी"

आर,डी, पाण्डेय सीधी
सीधी पुलिस का ‘ऑपरेशन ट्रैप’ सफल — सामूहिक दुष्कर्म के इनामी मुख्य आरोपी व बाल अपचारी गिरफ्तार, दो राज्यों में चलती रही सर्च कार्रवाई
सीधी। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के सशक्त निर्देशन में जमोड़ी थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के जघन्य मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10-10 हजार के इनामी मुख्य आरोपी तथा एक विधि के प्रतिकूल बालक को गिरफ्तार करते हुए बड़ी सफलता दर्ज की है। दोनों आरोपियों को गुजरात और इंदौर से पकड़ा गया, जो लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी जमोड़ी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पहले भोपाल में दबिश दी, इसके बाद गुजरात में संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी की गई। उन्नत तकनीकी विश्लेषण और मानवीय खुफिया तंत्र के संयोजन से दोनों आरोपियों का लोकेशन ट्रेस कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तारी की इस कठिन और लंबी प्रक्रिया में निम्न पुलिसकर्मियों का उल्लेखनीय योगदान रहा

उनि. दिव्य प्रकाश त्रिपाठी (टीम लीडर), प्रधान आरक्षक अवनीश सिंह, आरक्षक के.पी. सिंह तथा आरक्षक कृष्णमुरारी द्विवेदी।
एसपी श्री संतोष कोरी ने कहा
“यह कार्रवाई सीधी पुलिस की दृढ़ प्रतिबद्धता और उच्च तकनीकी दक्षता का परिणाम है। हमारे पुलिसकर्मियों ने साहस, धैर्य और निरंतरता के साथ अभियान को सफल बनाया। अपराधियों को स्पष्ट संदेश है कि वे कहीं भी छिप जाएँ, पुलिस उन्हें खोज निकालने में सक्षम है।”
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद क्रमशः माननीय न्यायालय एवं बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।