नशीली कफ सिरप की तस्करी का भंडाफोड़ — सड़क हादसे में खुला राज, युवक गिरफ्तार

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
शहपुरा। नगर के उमरिया चौराहा के पास गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे ने नशीली कफ सिरप की तस्करी का बड़ा खुलासा कर दिया। मोटरसाइकिल से कफ सिरप लेकर जा रहा एक युवक हादसे का शिकार हो गया, जिससे उसकी बाइक की डिक्की खुल गई और 12 शीशियां नशीली कफ सिरप सड़क पर बिखर गईं।
सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शीशियों को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की पहचान भानु प्रताप झरिया पिता शिव कुमार झरिया (24), निवासी बरगाव के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि बरगाव, करौदी और बिलगांव क्षेत्र नशीली कफ सिरप की सप्लाई का नया अड्डा बनते जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
शहपुरा पुलिस ने गुरुवार शाम करीब 3:30 बजे इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब इस कड़ी से जुड़े अन्य सप्लायर्स और व्यक्तियों की तलाश में जुट गई है।