मप्र के सिहावल ब्लॉक में मध्याह्न भोजन संकट — 3 माह से नहीं मिला रसोइयों को वेतन, परिवारों की आर्थिक हालत बिगड़ी

सीधी।जिले के सिहावल ब्लॉक अंतर्गत शासकीय स्कूलों में मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली रसोइयों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। भुगतान न होने से सभी स्व-सहायता समूहों से जुड़ी कार्यकर्ता महिलाएँ गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही हैं।
रसोई घरों में कार्यरत रसोइयों ने बताया कि उन्हीं की मजदूरी से घर का खर्च व चूल्हा-चौका चलता है, लेकिन लगातार तीन माह से भुगतान न होने के कारण परिवारों को भोजन तक के लाले पड़ गए हैं।
रसोइयों का कहना है कि सरकार बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने की योजना चला रही है, लेकिन इस योजना को धरातल पर संचालित करने वाली कार्यकर्ताओं की मेहनताना ही समय पर नहीं मिल रहा, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित रसोइयों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द लंबित वेतन भुगतान की मांग की है, ताकि उनके परिवारों को राहत मिल सके और वे सुचारू रूप से भोजन व्यवस्था जारी रख सकें।