राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने सीधी की टीम भोपाल रवाना

सीधी, 15 नवम्बर 2025।
29वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने हेतु सीधी जिले की चयनित टीम शुक्रवार को भोपाल के लिए रवाना हुई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के दिशा-निर्देश में यह आयोजन 17 एवं 18 नवंबर को भोपाल में होगा।
प्रतिभागियों के दल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रीवा संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में सीधी जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लोकगीत, लोकनृत्य, कविता लेखन एवं विज्ञान मेला प्रदर्शनी सहित विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 30 प्रतिभागियों ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिनमें से 22 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्रमुख विजेता प्रतिभागी
विज्ञान मेला प्रदर्शनी:
उत्कृष्ट नामदेव – प्रथम
रोहित कुमार पाण्डेय – प्रथम
सामूहिक लोकनृत्य:
माउंटेन ग्रुप, सीधी – प्रथम
सामूहिक लोकगीत:
सृजन मिश्रा एवं साथी – प्रथम
दल प्रभारी के रूप में मानिंद शेर अली खान (जिला खेल प्रशिक्षक) तथा सरोज पटेल (समन्वयक) टीम के साथ उपस्थित रहे।
रवाना करते हुए एएसपी श्री श्रीवास्तव ने आशा व्यक्त की कि संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी भोपाल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होंगे। अधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएँ दीं।