जनता की आवाज़ सीधे पुलिस अधीक्षक तक” — सीधी पुलिस की साप्ताहिक जनसुनवाई, पारदर्शिता और शीघ्र न्याय की दिशा में पहल

सीधी। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीधी के सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने जिलेभर से आए नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, महिला उत्पीड़न, साइबर ठगी, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत की गईं।
एसपी कोरी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, थाना प्रभारी कोतवाली कन्हैया सिंह बघेल, महिला थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी, थाना प्रभारी अजाक आर.एल. साकेत, थाना प्रभारी जमोड़ी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़े।
कार्यक्रम के दौरान महिला फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता दी गई, वहीं भूमि और साइबर अपराधों से संबंधित मामलों में तत्काल जांच के आदेश दिए गए। कुछ मामलों में तो सुनवाई के दौरान ही तात्कालिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम पुलिस और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और न्याय की भावना को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है।