सिंगरौली में माड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई — घर के पीछे उगाई जा रही थी “नशे की फसल”, आरोपी गिरफ्तार!

सिंगरौली अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ माड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा को सफलता तब मिली जब मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर दबिश देकर एक व्यक्ति को गांजे की खेती करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रहिमन सिंह गोंड (उम्र 36 वर्ष), निवासी मुढ़ी, अपने घर के पीछे खेत में गांजे के हरे पौधे उगाकर अवैध कारोबार की तैयारी कर रहा था।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के घर के आंगन से गांजे के दो हरे पौधे, कुल वजन 12 किलो 450 ग्राम, जिसकी क़ीमत करीब ₹1 लाख, बरामद की।
सूत्रों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती, तो आरोपी इन पौधों को उखाड़कर बाजार में बेचने की फिराक में था।
मुखबिर सूचना पर तत्काल घेराबंदी करते हुए माड़ा पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
माड़ा पुलिस की यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस सफलता के बाद पुलिस टीम की कार्यशैली की चारों ओर सराहना हो रही है।