बिरसानगर में ठेकेदार के ऑफिस में बंदूक की नोक पर दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, हवाई फायरिंग कर फरार हुए बदमाश।

जमशेदपुर: आज बिरसानगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। कैनरा बैंक के पास स्थित कमिंस और टाटा मोटर्स के ठेकेदार एपी सिंह के ऑफिस में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे बंदूक की नोक पर 10 लाख रुपये की लूट की गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन बाइक सवार अपराधी ऑफिस में घुसे और हवाई फायरिंग करते हुए वहां मौजूद दो कर्मचारियों से लेबर पेमेंट के लिए रक्खे 10 लाख रुपये लूट लिए। यह रकम ऑफिस में रखी गई थी। घटना के बाद लुटेरे बाइक से फरार हो गए।लूट के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में जुटी है।घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ऑफिस स्टाफ और स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अपराधियों को ऑफिस में पैसे की जानकारी पहले से थी।दिनदहाड़े बैंक के पास इस तरह की लूट से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बिरसानगर इलाके में हाल के दिनों में अपराध की घटनाएँ बढ़ी हैं।
प्राईड इंडिया न्यूज़ से ब्यूरो चीफ़ इंदर जीत सिंह भुल्लर।