गाड़ासरई में बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान आयोजित

बाल विवाह मुक्त भारत की दिशा में लोगों को किया गया जागरूक

0 436

 

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी

 

गाड़ासरई,/जिला डिंडौरी।

कलेक्टर सुश्री अंजू पवन भदौरिया एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंह सिंगौर के निर्देशन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विकासखंड बजाग अंतर्गत ग्राम गाड़ासरई में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत रैली, शपथ ग्रहण समारोह एवं दीवार लेखन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामवासियों को बाल विवाह न करने एवं न होने देने की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान लोगों को बताया गया कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुप्रथा है, जिसके कारण बालक और बालिका दोनों को शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

कार्यक्रम में यह जानकारी दी गई कि शासन द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष तथा बालिका की आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।

कम आयु में विवाह को अवैध माना गया है और बाल विवाह करवाने या उसमें भाग लेने वाले व्यक्ति को दो वर्ष तक का कारावास या ₹1,00,000 तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

 

साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि यदि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो उसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तत्काल दी जा सकती है।

 

यह कार्यक्रम “बाल विवाह रोकें – उज्ज्वल भविष्य संवारें” थीम पर आधारित था।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत गाड़ासरई के स्वास्थ्य केंद्र स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में किया गया, जिसमें समस्त सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

रैली, शपथ ग्रहण और नारे लेखन के माध्यम से बाल विवाह उन्मूलन का सशक्त संदेश पूरे ग्राम में प्रसारित किया गया।

 

इस अवसर पर उपस्थित सभी ग्रामवासियों ने यह संकल्प लिया कि वे न तो बाल विवाह करेंगे और न ही अपने आस-पास किसी भी बाल विवाह को होने देंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment