नैनपुर में 11 करोड़ की लागत से निर्मित संयुक्त अनुविभागीय राजस्व कार्यालय, केबिनेट मंत्री व प्रभारी मंत्री के करकमलों से किया गया लोकार्पण

0 191

 

(रिपोर्ट–भगवती प्रसाद दुबे, जिला ब्यूरो चीफ–मंडला)

 

11 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से नैनपुर में नवनिर्मित संयुक्त अनुविभागीय राजस्व कार्यालय भवन का लोकार्पण कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा लगातार विकास कार्यों की सौग़ातें दी जा रही हैं, उन्हीं में से यह भवन भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्री जायसवाल ने कहा कि यह मात्र एक साधारण भवन नहीं, बल्कि “न्याय का भवन” है। जमीनी विवाद वर्षों तक चले तो विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए मेरी राजस्व विभाग से अपेक्षा है कि वह पूर्ण संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध रूप से राजस्व मामलों का निराकरण कर लोगों को न्याय दिलाए।

मंत्री श्री जायसवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में चलाए गए राजस्व महाअभियान के तहत राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती, सीमांकन आदि के प्रकरणों का त्वरित निपटारा किया गया। इससे प्रदेश में लाखों राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बेहतर शिक्षा, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएँ और सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के केवल दो वर्ष के कार्यकाल में कई नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हुए हैं तथा अगले तीन वर्षों में प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने यहां मौजूद लोगों को बधाई देते हुए कहा कि नए भवन से राजस्व सेवाएँ एक ही परिसर में उपलब्ध होने से आमजन को समय, श्रम एवं व्यय तीनों की बचत होगी और कार्यालयीन कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। पहले राजस्व कार्यालय पुरानी और छोटी सी बिल्डिंग में संचालित होता था। सभी के सहयोग से यह भवन की सौगात आज नैनपुर को मिली है। इस राजस्व भवन के बन जाने से नैनपुर की 74 ग्राम पंचायतों के लगभग दो लाख लोगों को लाभ मिलेगा। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि जिले के प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल का नैनपुर पहली बार आगमन हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभारी मंत्री आगे भी जिले के अन्य विकासखंडों में आकर अपना आशीर्वाद देंगे।

कार्यक्रम के पहले अतिथियों द्वारा इस भवन का अवलोकन भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, प्रफुल्ल मिश्रा, श्रीमती लता वैष्णव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कृष्ण पंजवानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ओमवती उइके, जयदत्त झा, बालकृष्ण खण्डेलवाल, राकेश रजक, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एसडीएम आशुतोष ठाकुर, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता संघ सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन नैनपुर से जुड़ी जानकारी

भवन का निर्माण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति 28 दिसंबर 2022 को हुई। लागत राशि 1106.78 लाख रुपए, निर्माण एजेंसी कार्यपालन यंत्री (भवन), लो.नि.वि. मण्डला, ठेकेदार का नाम – मे. ए.पी. कंस्ट्रक्शन कम्पनी मुरैना, फर्नीचर कार्य (नॉन एसओआर) – 92.57 लाख रुपए, (नॉन एसओआर) विद्युत 21.53 लाख रुपए, बिल्टअप एरिया – 3630 वर्ग मी., भवन में प्रावधान – भूतल एस.डी.एम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, सब रजिस्ट्रार कार्यालय, मालखाना, पूछताछ कक्ष, प्रथम तल पर अतिरिक्त तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, मीटिंग हॉल, रिकार्ड रूम, सब ट्रेजरी कार्यालय और द्वितीय तल पर पटवारी हॉल, 3 नग आर.आई. कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, मल्टीपर्पस हॉल एवं स्टोर रूम बनाया गया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment