श्योपुर — ग्राम सूंसवाडा में चोरों ने घर को बनाया निशाना, जंगला तोड़कर घुसे घर में, बड़ा हादसा टला

श्योपुर।
जिले के ग्राम सूंसवाडा में शुक्रवार की रात करीब 12 बजे अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए गजानंद बैरागी के मकान में सेंध लगाने का प्रयास किया। घटना के दौरान घर में मौजूद परिजन की सतर्कता से बड़ी चोरी की वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग पांच अज्ञात व्यक्ति गांव के एक मकान की जंगला (खिड़की) तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने पहले मकान की बाहर से कुंडी लगाई, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद वे जिस कमरे में दाखिल हुए, उसमें घर का एक सदस्य पहले से मौजूद था। अंदर किसी के होने का आभास मिलते ही चोर घबरा गए और भाग खड़े हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय से ग्राम सूंसवाडा और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे गांव के लोगों में भय का माहौल है। देर रात हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर निगरानी रखने की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस अब संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में जुटी हुई है। गांधी दर्शन की रिपोर्ट