सीधी पुलिस का बड़ा प्रहार: नशे के अड्डों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, दो तस्कर गिरफ्तार – भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त!

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी से क्राइम रिपोर्टर शाहिद खान
सीधी पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर एक बार फिर बड़ा हमला बोलते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई की और दो तस्करों को दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व तथा एएसपी अरविंद श्रीवास्तव और एसडीओपी आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में रामपुर नैकिन और कुसमी थाना क्षेत्र की पुलिस टीमों ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए नशे के व्यापार पर कड़ा शिकंजा कसा। इन कार्रवाइयों ने साबित कर दिया कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पहले मामले में खड्डी चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम रकेला में छापा मारकर महिला तस्कर सुनीता गौतम को रंगेहाथ पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 12 कार्टन (300 शीशियाँ) कोडीन युक्त Eskuuf Syrup बरामद हुई, जिसकी कीमत ₹63,360 आँकी गई। आरोपिया ने स्वीकार किया कि उसका बेटा यह सिरप सप्लाई करता था और बिक्री करवाता था। पुलिस ने NDPS एक्ट व ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लाई चेन की जाँच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई खड्डी पुलिस की लगातार चल रही सख्त मुहिम का हिस्सा है।
दूसरे मामले में पौड़ी चौकी पुलिस ने नीली पल्सर मोटरसाइकिल से गांजा ले जा रहे आरोपी अहिवरण सिंह (जिला शहडोल) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। तलाशी में 2 किलो 51 ग्राम गांजा, मोटरसाइकिल (₹80,000) और मोबाइल (₹7,000) सहित कुल ₹1,12,000 का मसरूका जब्त किया गया। NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि “सीधी को नशा मुक्त बनाने के लिए यह अभियान और भी तेज़ किया जाएगा।” सीधी पुलिस का संकल्प स्पष्ट है — ‘नशा मुक्त सीधी, सुरक्षित समाज, स्वस्थ भविष्य।’