विद्यालय समय में शराब के नशे में दिखे शिक्षक-निलंबित करने का आदेश जारी
जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जनजातीय कार्य विभाग की कार्यवाही
डिंडौरी : 09 अक्टूबर, 2025
विकासखंड मेहंदवानी के एक प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक का शराब के नशे में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनजातीय कार्य विभाग ने बड़ी कार्यवाही की है। विभाग ने संबंधित शिक्षक श्री जयतुराम धुर्वे प्राथमिक शिक्षक, शा. प्रा. शाला ए.ई.एम., विकासखंड मेहंदवानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त वीडियो में शिक्षक श्री जयतुराम धुर्वे विद्यालय समय में शराब के नशे की हालत में नज़र आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने गंभीरता से संज्ञान लिया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी मेहंदवानी से प्रतिवेदन तलब किया। जांच में यह पाया गया कि शिक्षक का आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के प्रावधानों का उल्लंघन करता है।
इस आधार पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार जाटव द्वारा 09 अक्टूबर 2025 को आदेश क्रमांक 1624 जारी करते हुए संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
विभाग द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल, कलेक्टर डिंडोरी, कोषालय अधिकारी डिंडोरी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी मेहंदवानी को भेजी गई है। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे निलंबन अवधि में संपूर्ण जांच रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य डिंडोरी को प्रस्तुत करें।
सहायक आयुक्त श्री राजेन्द्र कुमार जाटव ने कहा
“शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं। इस प्रकार का अनुशासनहीन आचरण शिक्षकीय गरिमा के विपरीत है, अतः नियमानुसार सख्त कार्यवाही की गई है।”