महिला से अभद्रता और दुकान संचालक से विवाद करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार — सीधी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सीधी, 08 अक्टूबर 2025।
महिला सम्मान और नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना जमोड़ी पुलिस ने महिला से अभद्र व्यवहार एवं मिष्ठान दुकान संचालक से विवाद करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
मामला 05 अक्टूबर की शाम नया बस स्टैंड तिराहा स्थित “श्री राजस्थान मिष्ठान भंडार” का है, जहाँ एक महिला ग्राहक के साथ अभद्रता एवं दुकान संचालक से विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो को पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान में लिया गया।
फरियादी सवाई सिंह राजपुरोहित (निवासी ग्राम बम्बोर, राजस्थान; हाल निवासी डैनिहा वार्ड नं. 20, सीधी) ने थाना जमोड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि नीली टी-शर्ट पहने व्यक्ति ने महिला ग्राहक के साथ अभद्रता की, जिसकी पुष्टि दुकान के CCTV फुटेज में हुई। जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपी और उसका साथी दुकान में घुसकर गाली-गलौज, झूमाझटकी और मारपीट करने लगे। यहां तक कि आरोपी ने गरम चाट उनके चेहरे पर फेंक दी और जान से मारने की धमकी दी, जिससे दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
🔍 जांच और कार्रवाई:
थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वायरल वीडियो, CCTV फुटेज और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर त्वरित जांच कर आरोपियों की पहचान आशुतोष उर्फ दादू गौतम निवासी जमोड़ी और शिवाकांत वर्मा निवासी जमोड़ी के रूप में की।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
➡️ सीधी पुलिस का संदेश:
महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि ऐसे मामलों की सूचना तुरंत दें ताकि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।