जनता अब और कष्ट नहीं सहेगी” — पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल की सरकार को चेतावनी
“
प्राइड इंडिया न्यूज़ संवाददाता सूरज केवट की खास रिपोर्ट
सीधी।
सीधी जिले के पूर्व कांग्रेस मंत्री एवं सिंहावल विधायक कमलेश्वर पटेल ने प्रदेश सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर बहरी-अमिलिया पुल का उद्घाटन नहीं किया गया, तो वे जनता के साथ मिलकर स्वयं फीता काटेंगे।
श्री पटेल ने कहा कि पुल का निर्माण पूरी तरह से पूरा हो चुका है, लेकिन सरकार केवल उद्घाटन की औपचारिकता के इंतज़ार में जनता को परेशान कर रही है।
उन्होंने तीखा बयान देते हुए कहा —
“जनता के पैसों से बने पुलों पर किसी नेता का अधिकार नहीं है। अगर सरकार ने समय पर इन्हें चालू नहीं किया, तो जनता खुद उद्घाटन करेगी।”
पूर्व मंत्री ने बताया कि कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में सिंहावल विधानसभा क्षेत्र में सोन नदी पर तीन प्रमुख पुलों की स्वीकृति दी गई थी —
बहरी–अमिलिया–हनुमना–मिर्जापुर मार्ग पर सोन नदी का पुल
नकझर–बमुरी–सिहावल मार्ग का पुल
लौअर–कोरसर मार्ग का पुल
कमलेश्वर पटेल ने मौजूदा भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार केवल फीता काटने की राजनीति में व्यस्त है, जबकि जनता को इन पुलों के अभाव में भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद देरी के कारण लोग आज भी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन मौन है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इन पुलों को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की और पूर्व मंत्री के रुख का समर्थन किया।
प्राइड इंडिया न्यूज़ — हर सच जो आप जानना चाहें।