Breaking News

कलेक्टर गौरव बैनल ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

स्वच्छता व्यवस्था पर जताई नाराज़गी, लापरवाह चिकित्सक व स्टाफ पर होगी कार्रवाई

0 2,842

सिंगरौली, 06 अक्टूबर 2025।
जिले के कलेक्टर गौरव बैनल ने आज जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में स्वच्छता की बेहद खराब स्थिति पाई गई। कलेक्टर ने इस पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार, सिविल सर्जन तथा अस्पताल मैनेजर के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सर्जिकल वार्ड, जनरल वार्ड, ओपीडी और हेल्प डेस्क का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों के लिए मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, जिन्हें जल्द सुधारा जाएगा।

कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जो डॉक्टर व स्टाफ समय पर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं रहेंगे, उनकी हाजिरी काटी जाएगी और आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मैनेजमेंट से कहा कि डॉक्टरों के राउंड तय समय पर हों तथा मरीजों की निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि हेल्प डेस्क पर सभी आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएं ताकि मरीजों और परिजनों को आवश्यक जानकारी सहजता से प्राप्त हो सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ब्लड बैंक की व्यवस्था पर भी चर्चा की और बताया कि शीघ्र ही रोगी कल्याण समिति की बैठक बुलाई जाएगी ताकि अस्पताल से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों का समाधान किया जा सके।

मुख्य बिंदु :

अस्पताल में स्वच्छता को लेकर कलेक्टर ने जताई कड़ी नाराज़गी

ठेकेदार, सिविल सर्जन और अस्पताल मैनेजर पर कार्रवाई के निर्देश

डॉक्टरों और स्टाफ की उपस्थिति पर निगरानी के निर्देश

ब्लड बैंक व सुविधाओं के सुधार हेतु रोगी कल्याण समिति की बैठक जल्द

अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी की व्यवस्था पर विचार

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment