जंगली भालू का कहर : सिंगरौली में दो की मौत, एक गंभीर घायल

सिंगरौली। जिले के खनूआ और जमगड़ी के जंगल में सोमवार को जंगली भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में जमगड़ी निवासी गणेश प्रसाद वैश्य और खनूआ निवासी हिरा शाह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार अस्पताल में जारी है।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल विधायक मेश्राम को दी। भोपाल प्रवास पर होने के बावजूद विधायक ने फोन पर अस्पताल प्रशासन से संपर्क कर हालात की जानकारी ली और अपने पुत्र विरल मेश्राम को मौके पर भेजा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
विधायक ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “मैं सिंगरौली में मौजूद नहीं हूँ, लेकिन इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हूँ। दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि परिवारजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति मिले।”
गांव में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग जंगलों में आवाजाही को लेकर भयभीत हैं और वन विभाग से ठोस सुरक्षा इंतजाम की मांग कर रहे हैं।