समीक्षा बैठक बेअसर! सिहावल में बिजली संकट गहराया – मरीज बेहाल
समीक्षा बैठक बेअसर! सिहावल में बिजली संकट गहराया – मरीज बेहाल

सीधी (मध्य प्रदेश)।
ये कैसी समीक्षा बैठक, जब हालात बैठक के बाद और बिगड़ जाएं? सिहावल ब्लॉक मुख्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमराई हुई है। सुबह से ही ब्लॉक कॉलोनी में एक फेज गुल रहा, ट्रांसफार्मर से केबल कटकर चिंगारी फेंकती रही, लेकिन लाइनमैन गायब!
ग्रामीणों का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात लाइनमैन कल्याण सिंह अपने गांव पड़रिया में मजे लूट रहे हैं। शिकायतें की गईं, फोन घुमाए गए, लेकिन हकीकत यही रही कि मौके पर कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा।
अमिलिया कार्यालय में फोन लगाया गया तो वहाँ से भी वही रटा-रटाया जवाब मिला – “अभी देखते हैं, इंतजाम करते हैं।” लेकिन इंतज़ाम हुआ क्या? सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज हाथ से पंखा झेलते रहे, तड़पते रहे। गर्मी और उमस ने उनकी हालत और खराब कर दी। आखिर कौन देगा इनकी तकलीफों का जवाब?
इधर विधायक विश्वामित्र पाठक ने अमिलिया स्थित म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. के सहायक यंत्री कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बड़े-बड़े अफसर मौजूद रहे – अधीक्षण अभियंता पी.आर. तिवारी, कार्यपालन यंत्री अजीत सिंह, सहायक यंत्री एम.के. कोगे और अमिलिया के सहायक यंत्री सागर गुप्ता। लंबी चौड़ी चर्चा हुई – ट्रांसफार्मर बदलने, क्षमता बढ़ाने, नए कनेक्शन देने, विद्युतीकरण करने की बातें हुईं।
लेकिन असली सवाल यही है –
👉 बैठकों के बाद भी जमीनी स्तर पर क्यों नहीं सुधर रहे हालात?
👉 मरीज कब तक हाथ से पंखा झेलकर जिंदगी बचाएंगे?
👉 अफसरों और कर्मचारियों की मनमानी पर लगाम कौन लगाएगा?
कागज़ों और मीटिंगों में योजनाएं बन रही हैं, लेकिन सच्चाई यही है कि सिहावल का आम आदमी आज भी अंधेरे और गर्मी में झुलस रहा है।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी