डिंडोरी में विशेष यातायात जागरूकता अभियान के तहत आईटीआई कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित
डिंडोरी – प्राइड न्यूज़ से खमोद चंदेल की रिपोर्ट-पुलिस अधीक्षक डिंडौरी श्रीमती वाहनी सिंह के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और मृत्युदर घटाने के उद्देश्य से 8 से 22 सितंबर 2025 तक विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 10 सितंबर को शासकीय आईटीआई कॉलेज डिंडौरी में यातायात टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी यातायात श्री सुभाष उईके ने बताया कि जिले में अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण होती हैं। उन्होंने कैशलेस ट्रीटमेंट योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है।
साथ ही उन्होंने राहगीर (राहवीर) योजना के अंतर्गत बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाता है, तो उसे 25,000 और प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया जाता है। हिट एंड रन योजना के बारे में बताते हुए यातायात प्रभारी श्री उइके ने कहा कि यदि किसी अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने के बाद भाग जाने की स्थिति में पीड़ित की मृत्यु हो जाती है और 30 दिनों तक वाहन का पता नहीं चलता है, तो मृतक के परिजनों को 2,00,000 तथा गंभीर चोट की स्थिति में 50,000 की सहायता राशि दी जाती है।
कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने की अपील की है।
इस अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र से श्री आर.पी. कुशवाहा , यातायात विभाग से श्री कमलेश अहिरवार, आईटीआई कॉलेज से ट्रेनिंग ऑफिसर श्री मुकेश भांडे एवं श्री विजय सिंह परस्ते, श्री तरण चौरसिया, कोस्टा, यातायात स्टाफ सहित शासकीय आईटीआई कॉलेज के लगभग 100 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।